अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग के लोगों के लिए हवाई यात्रा को लेकर अच्छी खबर है। अम्बिकापुर से रायपुर और रायपुर से जगदलपुर होते हुए हैदराबाद तक अब ATR-72 विमान से हवाई सफर की सुविधा उपलब्ध होगी। कांग्रेस नेता एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने यह जानकारी साझा करते हुए इस पहल के लिए एलायंस एयर का आभार जताया है।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे सामूहिक प्रयासों के बाद आखिरकार सरगुजावासियों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। नई हवाई सेवा से अम्बिकापुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रायपुर, जगदलपुर और हैदराबाद तक हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए एलायंस एयर को धन्यवाद दिया और नई हवाई सेवा की शुरुआत पर समस्त सरगुजावासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन के दिन फ्लाइट से रायपुर जाएंगे सिंहदेव
टीएस सिंहदेव ने बताया कि हवाई सेवा के शुभारंभ के अवसर पर मंगलवार को वह भी इसी विमान से अम्बिकापुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। इस नई सेवा को सरगुजा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नई हवाई सेवा शुरू होने से सरगुजा के लोगों को प्रदेश की राजधानी रायपुर के साथ-साथ अन्य शहरों तक पहुंचने का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।