Headlines

कवर्धा में 15 किलो चांदी की लूट, साप्ताहिक बाजार से लौट रहे थे कारोबारी, तभी हुई वारदात

कवर्धा। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सोना-चांदी के कारोबारियों के साथ लूट की घटना सामने आई है। ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दो कारोबारियों का रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की और आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, सोने के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नकद होने की जानकारी दी गई है। घटना के बाद कबीरधाम पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पांडातराई निवासी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ 27 अक्टूबर को ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी की खरीद-बिक्री करने गए थे। बाजार से मोटरसाइकिल पर वापस लौटते समय ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने दोनों कारोबारियों के साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी।

प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के मुताबिक, लूटे गए बैग में 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण और 1 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे थे। हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक मात्रा और कुल कीमत का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना और तीन अन्य थानों की पुलिस टीम आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *