Headlines

जशपुर में गूंगी महिला के साथ रेप, खेत में दरिंदगी, दरिंदा गिरफ्तार

जशपुर। जिले में मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में तुमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रहास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर की शाम की है। तुमला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 34 वर्षीय व्यक्ति ने 26 अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायतकर्ता पीड़िता का भाई है। उसने पुलिस को बताया कि शाम करीब 6:30 बजे वह शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे झाड़ियों की ओर से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा, जहां उसने अपनी 37 वर्षीय दिव्यांग बहन के साथ गांव के ही चंद्रहास कुमार को खेत के पास दुष्कर्म करते देखा। शिकायतकर्ता को आता देखकर आरोपी अपने कपड़े, पर्स और मोबाइल फोन मौके पर छोड़कर भाग गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुमला पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 59/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और 64(2)(i) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *