Dhamtari : रामसगरी गार्डन में सट्टा-पट्टी लिखते सटोरिया गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने रामसगरी गार्डन में सट्टा-पट्टी लिखते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, नकदी रकम और सट्टा-पट्टी सहित कुल 15,250 रुपये की सामग्री जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने रामसगरी गार्डन में दबिश दी। यहां एक व्यक्ति रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिखते हुए मिला। पुलिस ने मौके पर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघुवीर सिंह ठाकुर (36 वर्ष), पिता विजय सिंह ठाकुर, निवासी रामसागर पारा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सट्टा-पट्टी, एक डॉट पेन, लगभग 13,000 रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन और 2,250 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 15,250 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 275/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6(क) में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *