भिलाई बीजेपी के नेता को कोलकाता पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर। गुजरात, पश्चिम बंगाल और झारखंड में कारोबार के नाम पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता पुलिस ने भिलाई जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी झारखंड में हुई। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, संदीप अग्रवाल करीब 13 महीने से फरार था। बताया जा रहा है कि वह झारखंड के एक थाने में सरेंडर करने पहुंचा था। इसी दौरान कोलकाता पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे थाने के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में संदीप अग्रवाल के साथ उसके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। उसके बड़े भाई संजय और सचिन अग्रवाल भी मामले में नामजद आरोपी हैं। दोनों पहले करीब 13 महीने तक जेल में रहे और हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बाहर आए हैं। संजय अग्रवाल की पत्नी राखी का नाम भी सह-आरोपी के रूप में बताया गया है। वह भी धनबाद जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा हुई थीं।

बताया गया है कि गुजरात, झारखंड और पश्चिम बंगाल से जुड़े इस मामले में पुलिस अहमदाबाद, गांधीधाम, भुवनेश्वर, रायपुर, भिलाई और कोलकाता सहित कई स्थानों पर आरोपी की तलाश कर रही थी। संदीप अग्रवाल गुजरात के एक मामले में पहले से जमानत पर था। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कारोबार के नाम पर बड़ी रकम का गबन किया गया। मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में सुनवाई के बाद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *