Headlines

दोस्त के घर छिपाया था नाबालिग प्रेमिका को, पुलिस ने डोंगरगढ़ से किया रेस्क्यू, इंस्टा फ्रेंड गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ में लापता 13 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बालिका की युवक से करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। आरोप है कि युवक उसे शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

21 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को पुसौर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने रायगढ़ सिटी कोतवाली में अपनी 13 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालिका रायगढ़ में एक परिचित के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। 20 अक्टूबर की सुबह वह बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस टीम ने बालिका की तलाश शुरू की। इस दौरान परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की गई तथा उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई।

इंस्टाग्राम से हुई थी पहचान

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत का नाम सामने आया। बालिका के कथन के अनुसार, करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी और बातचीत होती थी। आरोप है कि 19 अक्टूबर की रात युवक रायगढ़ आया और अगले दिन बालिका को रेलवे स्टेशन के पास बुलाकर ट्रेन से डोंगरगढ़ ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बालिका को अपने दोस्त के घर ले गया, जहां वह चार दिनों तक रही। बालिका ने युवक पर शादी का प्रलोभन देने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।

पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने रायगढ़ में बालिका को सकुशल बरामद किया। महिला पुलिस अधिकारी ने उसका कथन दर्ज किया और मेडिकल जांच कराई। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत, निवासी भांठापारा, निपनिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *