Kanker : फंदे पर झूली प्रेग्नेंट महिला, सुसाइड से गांव में सनसनी

कांकेर। पखांजूर थाना क्षेत्र के पीवी-39 इंद्रप्रस्थ गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता करिश्मा राय की अपने ही घर में फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, गाली-गलौज और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, करिश्मा राय का विवाह इसी साल फरवरी महीने में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ पीवी-39 इंद्रप्रस्थ निवासी राजेश राय से हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। परिजनों का कहना है कि कई बार समझाइश देने के बावजूद करिश्मा को कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता था।

परिजनों के मुताबिक करिश्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नौ माह की गर्भवती करिश्मा की मौत से मायके पक्ष में गहरा दुख और आक्रोश है। परिजनों ने पति राजेश राय और उसकी मां को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना महत्वपूर्ण है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *