समृद्ध किसान- सशक्त भारत : मंत्री टंकराम वर्मा

छत्तीसगढ़ के 24.60 लाख से अधिक किसानों को मिली ₹498.5 करोड़ की सम्मान निधि, मंत्री टंकराम वर्मा ने जताया आभार

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में ₹18,690 करोड़ से अधिक की राशि सीधे अंतरित की गई। वहीं, छत्तीसगढ़ के 24 लाख 60 हजार से अधिक किसानों को ₹498.5 करोड़ की राशि का लाभ मिला।

इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा ने रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार, कृषि महाविद्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर चर्चा हुई।

किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे किसानों को कृषि संबंधी खर्चों में मदद मिलती है।

मंत्री टंकराम वर्मा ने इस सौगात के लिए छत्तीसगढ़ के समस्त किसान साथियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली यह योजना कृषि क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *