रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक और कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम कुनकुनी में योगेश चिकन सेंटर के पास घेराबंदी कर 1.805 किलोग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को खरसिया थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुनकुनी निवासी एक व्यक्ति अवैध बिक्री के लिए गांजा लेकर गांव पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुनकुनी स्थित योगेश चिकन सेंटर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भागीरथी पटैल (42 वर्ष), पिता स्वर्गीय नकुल प्रसाद पटैल, निवासी सरईपाली (कुनकुनी) बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने थैले में गांजा रखना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से 1.805 किलोग्राम गांजा बरामद कर जब्त कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी भागीरथी पटैल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
एक सप्ताह के भीतर दूसरी गांजा रेड
खरसिया पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी रेड कार्रवाई की है। इससे पहले 28 अक्टूबर को ग्राम छोटे देवगांव में कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन लाल गुप्ता के कब्जे से 5.025 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था।