सक्ती में महिला की हत्या से सनसनी, पड़ोसी गिरफ्तार

सक्ती। जिले में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसौद थाना क्षेत्र के कैथा गांव में 22 अक्टूबर की दरमियानी रात एक महिला की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान लक्ष्मी बाई के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में उसके पड़ोस में रहने वाले रंजीत धनवार को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हसौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस पूछताछ में आरोपी रंजीत धनवार ने बताया कि वह, उसकी पत्नी और मृतका लक्ष्मी बाई शराब पीने के आदी थे। शराब पीने के बाद उनके बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी। इसी आपसी विवाद के दौरान आरोपी ने लक्ष्मी बाई के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

बिलाईगढ़ से आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रंजीत धनवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *