जशपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घोलेंग के पास जांच के दौरान धान से भरे दो ट्रकों को पकड़कर कुल 160 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 3 लाख 79 हजार 200 रुपये बताई गई है। मामले में ट्रक चालकों और मालिकों समेत चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के मद्देनजर दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर प्रदेश की मंडियों में खपाने की आशंका है। इसे देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों की जांच करने तथा अवैध धान परिवहन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में 29 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने घोलेंग के पास जांच के दौरान दो ट्रकों क्रमांक CG-14-MW-3959 और CG-14-MW-6091 को रोककर तलाशी ली। दोनों ट्रकों में धान लोड मिला। पुलिस ने चालकों और मालिकों से धान परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रकों से कुल 400 बोरी धान, जिसका वजन लगभग 160 क्विंटल है, जब्त कर लिया। जब्त धान की अनुमानित कीमत 3,79,200 रुपये आंकी गई है। आगे की कार्रवाई के लिए धान जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।
गुमला से बतौली ले जाया जा रहा था धान
पूछताछ में पता चला कि धान झारखंड के गुमला से लोड कर छत्तीसगढ़ के बतौली ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि धान खरीदी शुरू होने के दौरान इसे छत्तीसगढ़ की मंडी में अवैध रूप से खपाने की तैयारी थी।
चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, एसडीएम कोर्ट से जेल
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान बाधा डालने की कोशिश करने पर ट्रक चालकों और मालिकों सहित चार व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।