रायपुर। तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात स्कोडा और बलेनो कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बलेनो चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, श्याम नगर निवासी परिवार नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान अग्रसेन धाम चौक पर तेज रफ्तार स्कोडा कार ने उनकी बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक नरेंद्र सिंह भसीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में बलेनो में सवार महिला और दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, स्कोडा कार में सवार युवक भी घायल हुए। बताया जा रहा है कि घटना के बाद स्कोडा कार में सवार चारों युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कोडा कार को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में दुर्घटना को ड्रंक एंड ड्राइव से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।