Headlines

मगरलोड में दो वाहनों से 13 गौवंश बरामद, एक्सीडेंट होने पर तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 गौवंशों को बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है, जिनकी कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार भोथा गांव से ग्राम डोनर जाने वाले कच्चे मार्ग पर नाका के पास दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में लावारिस खड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची मगरलोड पुलिस ने जांच की तो एक बिना नंबर प्लेट वाली टाटा योद्धा 1700 में 7 गौवंश और बोलेरो मैक्स पिकअप में 6 गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे मिले।

वाहनों में 13 गौवंश थे। इनमें से एक बछड़े की दम घुटने और दुर्घटना के कारण मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर 12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मृत बछड़े का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद सभी 12 गौवंशों को गरियाबंद जिले के ग्राम हाथबाय स्थित गुरु गायत्री गौशाला समिति में सुरक्षित पहुंचाया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरटीओ से वाहनों की जानकारी प्राप्त की और वाहन मालिकों से पूछताछ की। दस्तावेजों एवं जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों वाहन चालकों मधु शंकर लहरे (26 वर्ष) और अजय बंजारे (22 वर्ष), निवासी ग्राम पाईकभांठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 195/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *