रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी दिलीप धनकर ने देश के लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर दिलीप धनकर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व क्षमता से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने तथा एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। उनकी जयंती पर हमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।