रायगढ़। कोयला परिवहन की आड़ में लाखों रुपये के कोयले की हेराफेरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जामपाली कोयला खदान से अकलतरा प्लांट के लिए निकले 24.620 मीट्रिक टन कोयले को रास्ते में ही अन्यत्र बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 को विवेक पाण्डेय निवासी बोईरदादर रायगढ़ ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ में कोयला परिवहन का काम किया जाता है। जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा तक कोयला पहुंचाने का सौदा ट्रक चालक लल्लन प्रसाद के साथ 700 रुपये प्रति टन की दर से तय हुआ था।
इसके बाद ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा के लिए रवाना किया गया। लेकिन अगले दिन तक ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने पर उसने पहले फोन नहीं उठाया। करीब 10 दिन बाद संपर्क होने पर चालक ने कोयला दूसरी जगह बेच देने की बात कही और शिकायतकर्ता को धमकी भी दी। हेराफेरी किए गए कोयले की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत के आधार पर घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश की। जांच में उसके बिहार के रोहतास जिले में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना की गई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ललन कुमार पासवान (57 वर्ष), निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने हड़पे गए कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वालों के पास बेचना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर कोयला परिवहन में इस्तेमाल ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, जब्त किया गया।
पुलिस आरोपी को बिहार से ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लेकर आई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत की गई।