Headlines

राजनांदगांव में हत्या कर रायपुर में छिपे थे जीजा और साले, दबिश देकर पुलिस ने पकड़ा

राजनांदगांव। चिखली पुलिस ने हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल्ल साहू उर्फ विक्की (33 वर्ष) और मुकेश साहू (34 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को रायपुर के बसंत विहार इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा है। पूछताछ में दोनों ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की रात प्रफुल्ल साहू, मुकेश साहू, बबलू साहू उर्फ बल्ला और एक विधि से संघर्षरत बालक ने मृतक सत्यजीत देशमुख उर्फ पप्पू देशमुख के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की थी। मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने मामले को छिपाने और गुमराह करने के उद्देश्य से शव को जिला अस्पताल में इलाज के लिए छोड़ दिया था। इस मामले में 17 अगस्त 2026 को पुलिस चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कर धारा 103(1), 332(ए) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही बबलू साहू उर्फ बल्ला और विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मुख्य आरोपी प्रफुल्ल साहू उर्फ विक्की और मुकेश साहू घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस दौरान नागपुर, चंद्रपुर, अकोला, पुणे और शिर्डी सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

लगातार पतासाजी के दौरान दोनों आरोपियों के रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने बसंत विहार इलाके में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में हत्या की वारदात में शामिल होना स्वीकार करने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

महाराष्ट्र में भी दर्ज हैं कई अपराध

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रफुल्ल साहू उर्फ विक्की के विरुद्ध महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के गोंदपिपरी और दुर्गापुर थाना क्षेत्रों में कई अपराध दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी मुकेश साहू के विरुद्ध भी पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *