छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर PM मोदी की शुभकामनाओं के लिए CM साय ने जताया आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेशवासियों को दी गई शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण संदेश के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली विरासत को संजोते हुए विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के अंधकार से निकलकर शांति, विश्वास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में अपनी सशक्त भूमिका निभाने के लिए संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्नेह और मार्गदर्शन प्रदेश सरकार को विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश अपनी सांस्कृतिक पहचान और विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है।

सुबह-सुबह पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़वासियो को शुभकामनाएं दी

छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं! यह प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और अनूठी लोक परंपराओं के लिए प्रख्यात है। राज्य की पुरातात्विक धरोहरें इसकी विशेष पहचान रही हैं। यहां की लोक-संस्कृति से परिपूर्ण परिवेश में एक अद्भुत अपनापन है, जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। आज यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए हमारा यह राज्य विकास के पथ पर और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि मेरे प्रतिभाशाली और परिश्रमी परिवारजनों की भागीदारी से यह प्रदेश राष्ट्र की समृद्धि में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा। यह विशेष अवसर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों के लिए कल्याणकारी हो, यही कामना है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *