दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 1984 के सिख नरसंहार को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय के साथ हुई हिंसा के लिए कांग्रेस को प्रायश्चित करना चाहिए था और देश से माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन आज पार्टी रैली और प्रदर्शन करने निकली है।
नितिन नबीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब 1984 में सिख समुदाय के लोगों का कत्लेआम हुआ था, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि “जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती कांपती है।” उन्होंने सवाल उठाया कि उस हिंसा में जान गंवाने वाले सिख समुदाय के लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने और माफी मांगने के बजाय आज प्रदर्शन क्यों किया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को उस घटना के लिए पछतावा जताना चाहिए था और पीड़ित परिवारों से माफी मांगनी चाहिए थी। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि सिख समुदाय के लोगों की मौतों को लेकर उन्हें जवाबदेही और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
नितिन नबीन के इस बयान से 1984 के सिख नरसंहार को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है।