रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त एवं श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद उपस्थित रहे।
इस अवसर पर किशोर महानंद ने छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उदयभान चौहान ने की।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय गोंड समाज के संस्थापक भगवानु नायक, बनमाली चुरा, आशीष तांडी, कैलाश सरपाल, बिठ्ठू एवं मनोज सोना सहित मातृ शक्ति और युवा शक्ति के सहयोग से किया गया। सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेशवासियों के सुखमय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और अस्मिता को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ ही प्रदेश की खुशहाली एवं विकास में योगदान देने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में राज्य स्थापना दिवस को लेकर उत्साह और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता देखने को मिली।