Headlines

बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर की मौत से उपजा आक्रोश, 7 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम कुरेली में बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से मौत के बाद आक्रोशित लोगों के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की है। हिर्री पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में सात लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद उत्पन्न स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद हिर्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. दीपक कौशिक (27 वर्ष), निवासी कुरेली।
  2. शुभम कौशिक (27 वर्ष), निवासी कुरेली।
  3. सत्यम कौशिक (30 वर्ष), निवासी कुरेली।
  4. उमाशंकर कौशिक (28 वर्ष), निवासी कुरेली।
  5. आयुष कौशिक (24 वर्ष), निवासी कुरेली।
  6. ओमप्रकाश कौशिक (32 वर्ष), निवासी कुरेली।
  7. ललित कुमार कौशिक (24 वर्ष), निवासी कुरेली।

शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस की कार्रवाई

यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा, हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और पीएसआई उषा निषाद के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *