बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र में श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना देवनगर की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों की संलिप्तता सामने आने पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने एक परिचित के साथ घर के पास स्थित श्मशान घाट गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उन्हें उसके तंत्र-मंत्र करने का संदेह हुआ। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और युवक के साथ मारपीट की गई।
मामले में उमेश सिंह ठाकुर (32 वर्ष), राजा यादव (26 वर्ष) और नितेश यादव (23 वर्ष), निवासी दैहानपारा छोटी कोनी की संलिप्तता सामने आई है।
थाना कोनी पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 601/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।