दुर्ग। जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुम्हली में पंचायत सचिव के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और पंचायत भवन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पंच को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम पंचायत कुम्हली में सामान्य बैठक के दौरान पंचायत संबंधी लेनदेन की जानकारी मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने सरपंच के आने के बाद जानकारी देने की बात कही। इस पर पंच मोगन सपहा कथित तौर पर उग्र हो गया और सचिव के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर सचिव को चोट पहुंचाई।
इतना ही नहीं, आरोपी ने ग्राम पंचायत भवन स्थित सरपंच-सचिव कक्ष के दरवाजे पर लात मारकर उसे क्षतिग्रस्त किया। साथ ही पंचायत भवन में रखे खराब सबमर्सिबल मोटर पंप से भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
घटना के बाद सचिव की रिपोर्ट पर जामगांव आर थाना में अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंच मोगन सपहा को 3 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।