रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र में एक वर्षीय मासूम के अपहरण का मामला सामने आया। पारिवारिक विवाद के दौरान पिता अपने बच्चे को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंडरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और महज ढाई घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर मां से मिला दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रिया पाण्डेय (26) का विवाह साल 2022 में लाकेश सिंह बंजारे (28) से हुआ था। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद के चलते पिछले 7-8 महीनों से अलग रह रहे थे। 3 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे लाकेश सिंह बंजारे दलदल सिवनी स्थित पत्नी के घर पहुंचा। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान पति ने पत्नी के साथ गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
विवाद के दौरान आरोपी ने बच्चे को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस बीच पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा। बाद में जब प्रिया पाण्डेय रिपोर्ट दर्ज कराने पंडरी थाना पहुंची, उसी दौरान शाम करीब 6 बजे उसका पति एक वर्षीय बेटे और पत्नी का मोबाइल फोन लेकर चला गया। महिला के बच्चे को वापस मांगने पर भी आरोपी ने उसे लौटाने से इनकार कर दिया और बच्चे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
एक वर्षीय मासूम की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी आदित्य पाण्डेय और एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए करीब ढाई घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि जिस दिन मासूम अपनी मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। बच्चे की सकुशल वापसी के बाद पंडरी थाना पुलिस के जवानों ने थाने में केक काटकर उसका पहला जन्मदिन मनाया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे के साथ खुशियां साझा कीं और मां को भी राहत के साथ यादगार पल दिया।
प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लाकेश सिंह बंजारे के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 380/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 115(2) में अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
