कोंडागांव/केशकाल। केशकाल थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम अंरडी स्थित एक मकान के अंदर कमरे में गोविंद नेताम का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान गोविंद नेताम (48 वर्ष), निवासी ग्राम खवरापारा, थाना केशकाल, जिला कोंडागांव के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि गोविंद नेताम ने करीब तीन वर्ष पूर्व फगनी नेताम से शादी की थी। दोनों के कोई संतान नहीं थी। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। घटना से पहले भी दोनों के बीच पैसे मांगने की बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे से 11:30 बजे के बीच हुए विवाद के दौरान आरोपी महिला फगनी नेताम ने धारदार हथियार से अपने पति गोविंद नेताम पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव कमरे में ही पड़ा रहा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला द्वारा हत्या करना स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।