रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में अकेली रह रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आधी रात को घर में घुसकर आलमारी और संदूक तोड़ते हुए 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लूट लिए थे। इस दौरान महिला के जागने और विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई हथौड़ी, बांस का डंडा और डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि लूटे गए शेष रुपये और सोने-चांदी के जेवरात की बरामदगी नहीं हो सकी है।
आधी रात घर में घुसा था आरोपी, विरोध करने पर बुजुर्ग महिला पर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62 वर्ष) ने 1 नवंबर 2026 को अपने दोनों बेटों और बहू के साथ थाना खरसिया पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के कमरे में सो रही थी। रात लगभग 1:30 बजे अचानक उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा है।
महिला ने जब आरोपी को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया तो उसने बांस के डंडे से महिला के सिर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद आरोपी आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर खरसिया थाना में अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) एवं 331(6) में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
संदिग्ध के हुलिए से मिला सुराग, पुलिस ने दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपी की जल्द पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाली रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के यहां ग्राम बोरदी से आए नागेश गवेल का हुलिया संदिग्ध था। पुलिस ने संदेह के आधार पर नागेश कुमार गवेल की पतासाजी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करने की बात स्वीकार कर ली।
4,500 रुपये की उधारी नहीं मिली तो बनाई लूट की योजना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। जब उसे रुपये नहीं मिले तो वह वहां से वापस लौट आया। इसके बाद मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई।
आरोपी को पहले से जानकारी थी कि ग्राम बड़े देवगांव में रामबाई साहू अकेली रहती हैं और उनके घर में पुट्टी एवं पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर घुस गया। इसके बाद हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी एवं जेवरात निकालने लगा।
इसी दौरान संदूक से हुई आवाज के कारण महिला की नींद खुल गई। महिला ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया और विरोध किया तो उसने बांस के डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी लूटे गए सामान के साथ अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
हथौड़ी, डंडा और बाइक जब्त, जेवरात की तलाश जारी
आरोपी नागेश कुमार गवेल के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने बोरदी मोड़ मेन रोड के पास झाड़ियों से 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और हथौड़ी बरामद की। वहीं घटना में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल को आरोपी के घर से जब्त किया गया।
आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये नकद, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास एक पेड़ के समीप छिपाने की जानकारी दी थी। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बताए गए स्थान पर तलाश की, लेकिन वहां से लूटे गए जेवरात और शेष नकदी बरामद नहीं हो सके।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी नागेश कुमार गवेल (29 वर्ष), पिता प्रमोद कुमार गवेल, निवासी ग्राम बड़े बोरदी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ को पीड़िता से कार्यपालिक दंडाधिकारी खरसिया के समक्ष पहचान कार्रवाई कराने के बाद 4 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।