Headlines

छत्तीसगढ़ के 27 हजार मतदान केंद्रों पर नियुक्त होंगे ‘किसान मितान’, सीएम साय ने प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का किया शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों और सरकार के बीच संवाद एवं समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा ने ‘किसान मितान’ अभियान की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित किसान मितान प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल को किसानों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ‘मितान’ हमारे हर सुख-दुख का साथी होता है। इसी भावना के साथ प्रदेश के सभी 27 हजार मतदान केंद्रों पर किसान मितान नियुक्त किए जाएंगे। ये किसान मितान अन्नदाताओं और सरकार के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर काम करेंगे।

किसानों और सरकार के बीच मजबूत होगा संवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान मितान व्यवस्था के माध्यम से किसानों की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को बेहतर तरीके से समझने का अवसर मिलेगा। मतदान केंद्र स्तर पर नियुक्त किसान मितान किसानों से निरंतर संपर्क में रहकर उनकी बातों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य किसानों और संगठन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना तथा किसानों से जुड़े विषयों पर बेहतर संवाद और समन्वय सुनिश्चित करना है।

प्रदेश के 27 हजार मतदान केंद्रों पर किसान मितान की नियुक्ति के माध्यम से इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी है। प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में इस व्यवस्था की भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर किसानों के सम्मान और उनके हितों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अन्नदाता प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास की आधारशिला हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *