Headlines

नगरी-मगरलोड में पटाखों का अवैध भंडारण जब्त, कचना नाला के साथ शराब कोचिया गिरफ्तार

धमतरी। त्योहारी सीजन में अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले के तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की है। पुलिस ने नगरी और मगरलोड में बिना वैध लाइसेंस के भंडारण कर रखे 1 लाख 46 हजार 500 रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। वहीं बिरेझर चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब बेचते एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। तीनों मामलों में तीन आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब बिक्री और बिना लाइसेंस पटाखों के भंडारण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना नगरी, थाना मगरलोड और चौकी बिरेझर की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।

पहली कार्रवाई थाना नगरी क्षेत्र के ग्राम फरसिया में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में संचालित दुकान में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

इस दौरान आरोपी उदित नारायण सिन्हा, पिता जीवन लाल, निवासी फरसिया के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के करीब 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने पटाखों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/2026, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरी कार्रवाई मगरलोड थाना क्षेत्र में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में की गई। पुलिस टीम ने दुकान में दबिश देकर आरोपी भानूप्रताप साहू (36 वर्ष), पिता धनीराम साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 03 मगरलोड के कब्जे से एक कार्टून में रखे विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए।

जब्त पटाखों की कीमत करीब 16 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 में वैधानिक कार्रवाई की है।

बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई चौकी बिरेझर क्षेत्र के कचना नाला पुल के पास की गई। यहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर प्रेम कुमार चतुर्वेदी (20 वर्ष), पिता पंचराम चतुर्वेदी, निवासी कचना को अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब के 11 पौवा, जिसकी कीमत करीब 1,100 रुपये है, और बिक्री की रकम 150 रुपये जब्त की। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1,250 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 375/2026, धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *