Headlines

दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस की ट्रक से भिड़ंत, 3 की मौत

कुशीनगर। दिवाली के मौके पर घर लौट रहे यात्रियों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। कुशीनगर जिले में ट्रक और बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास हुई। दिवाली के अवसर पर बस में सवार यात्री दिल्ली से बिहार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक के साथ बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे में दो पुरुषों और एक बच्ची की मौत हो गई। मृतकों में से एक की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है।

दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, एक घायल बच्ची का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में जारी है।

कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर राजन गुप्ता ने बताया कि हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है। दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि एक बच्ची का उपचार कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *