बलौदाबाजार। जिले में हुए दर्दनाक करंट हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। घर में सफाई के दौरान करंट की चपेट में आए कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता की पत्नी वर्षा गुप्ता का भी आज इलाज के दौरान निधन हो गया। इसके साथ ही इस हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई। घटना से पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, घर में सफाई के दौरान लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हो गया था। इसी दौरान प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और 22 वर्षीय बेटे मोनू गुप्ता करंट की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
इस दर्दनाक घटना में शुक्रवार को कारोबारी राकेश गुप्ता और उनके 22 वर्षीय बेटे मोनू गुप्ता की मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी वर्षा गुप्ता का रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थीं, लेकिन आज दोपहर उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली।