धमतरी। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ताशपत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 15 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 44 हजार 890 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली, चौकी करेलीबड़ी और थाना सिहावा पुलिस की टीम ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर सार्वजनिक रूप से जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने एक साथ तीन स्थानों पर दबिश दी और कुल 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
मिशन ग्राउंड में जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार
पहली कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने धमतरी के मिशन ग्राउंड में की। यहां जुआ खेलते हुए दो आरोपियों भावेश जैन निवासी शांति कॉलोनी और कैलाश केशवानी निवासी रत्नाबांधा को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 41 हजार 200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
ग्राम भेण्ड्री में पांच जुआरी पकड़ाए
दूसरी कार्रवाई चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने ग्राम भेण्ड्री में जैतखाम के सामने पीपल पेड़ के नीचे की। यहां जुआ खेलते हुए ज्ञानेश्वर मांड़े, राकेश निषाद, रूपेश निषाद, चंद्रशेखर सिन्हा और टिकेश निषाद को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी ग्राम भेण्ड्री के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से 1,150 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की।
सांकरा में आठ आरोपी गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम सांकरा के गौठान के पीछे की। यहां जुआ खेलते हुए आठ आरोपियों गिरधर निषाद, द्वारिका साहू, नौहर लाल साहू, ईश्वर तारक, मोहन ओटी, अश्वन साहू, संतोष नाथ और राजू साहू को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी ग्राम सांकरा के कोड़मुड़पारा के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 2,540 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने तीनों मामलों में गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।