Headlines

मातर मड़ई में बुजुर्ग की हत्या की कोशिश, मगरलोड की घटना, हमलावर गिरफ्तार

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के भेण्डरी गांव में मातर मड़ई कार्यक्रम के दौरान मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से बुजुर्ग के पेट पर एक के बाद एक 6 से 7 वार किए। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई का आयोजन किया गया था। इस दौरान नारायण साहू (38 वर्ष) अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड स्थित अपने चाय ठेले पर मौजूद था। तभी गांव का ही ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

आसपास महिलाओं की आवाजाही को देखते हुए भागीरथी साहू ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया। इससे आरोपी आक्रोशित हो गया और जान से मारने की नीयत से अपनी जेब में रखे साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से बुजुर्ग के पेट पर लगातार 6-7 वार कर दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल भागीरथी साहू को तत्काल उपचार के लिए संजीवनी अस्पताल, नयापारा में भर्ती कराया गया।

घटना के संबंध में प्रार्थी नारायण साहू की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 एवं 109(1) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल साइकिल के स्पोक का धारदार टुकड़ा ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप के अंदर से बरामद किया। हथियार को विधिवत जब्त करने के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *