Headlines

18 नवंबर को होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, अनुपूरक बजट और विधेयकों पर हो सकता है फैसला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 18 नवंबर को मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुबह 11:30 बजे से आयोजित होगी। बैठक को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की ओर से सभी मंत्रियों को सूचना भेज दी गई है। साथ ही बैठक का एजेंडा और विभिन्न प्रस्तावों की जानकारी अलग से उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

जानकारी के मुताबिक, आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें सदन में पेश किए जाने वाले अनुपूरक बजट और विभिन्न विधेयकों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद इन प्रस्तावों को विधानसभा में प्रस्तुत करने की तैयारी की जा सकती है।

शीतकालीन सत्र की तैयारियों पर रहेगा फोकस

माना जा रहा है कि बैठक में सरकार आगामी शीतकालीन सत्र के लिए अपनी विधायी और वित्तीय तैयारियों को अंतिम रूप देने पर विचार कर सकती है। अनुपूरक बजट के जरिए विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय जरूरतों को पूरा करने से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा संभावित है।

हालांकि, बैठक के विस्तृत एजेंडे और इसमें रखे जाने वाले प्रस्तावों की आधिकारिक जानकारी अलग से जारी की जाएगी। अब सभी की नजरें 18 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *