बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही 76 वर्षीय बुजुर्ग पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उसने लोहे के हथियार से पिता पर वार किया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गए हैं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट (76 वर्ष) उम्र अधिक होने के कारण खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में उनकी बेटी दुरपति बाई अपने परिवार के साथ मायके में रहकर उनकी देखभाल करती है। खेती-किसानी की जिम्मेदारी भी बेटी का परिवार ही संभाल रहा है।
वहीं विश्राम का बेटा आशाराम केंवट पास के बरेली गांव में रहता है। बताया जा रहा है कि पिता के घर में बेटी के रहने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर वह नाराज चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को आशाराम सेलर गांव स्थित अपने पिता के घर पहुंचा। यहां बेटी के मायके में रहने और संपत्ति को लेकर पिता के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे के हथियार से अपने बुजुर्ग पिता पर हमला कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद उसने अपने साथ लाए पेट्रोल को पिता के ऊपर डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग को गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी वहां से फरार हो गया।
पिता को आग की लपटों से घिरा देखकर बेटी दुरपति बाई घबरा गई। उसने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसे विश्राम को अस्पताल पहुंचाया। बुजुर्ग के शरीर का काफी हिस्सा जल गया है। फिलहाल उनका उपचार सिम्स में जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की वजह संपत्ति विवाद और बेटी के मायके में रहने को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है। वारदात के बाद से आरोपी आशाराम केंवट फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।