Headlines

महासमुंद में दामाद की हत्या, ससुर साली और साले गिरफ्तार

महासमुंद। पारिवारिक विवाद के बाद ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक ने रायपुर के निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मामले में पुलिस ने उसकी मां की शिकायत पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन युवक की मौत के बाद अब प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी।

मृतक की पहचान दीपक ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दीपक ने करीब नौ साल पहले प्रेम विवाह किया था। वह अपनी पत्नी के साथ अपने निजी मकान में रहता था और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि मकान को अपने नाम कराने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी सपना 11 नवंबर को अपने मायके चली गई थी।

आरोप है कि 11 नवंबर की रात पत्नी ने बच्चे के लिए मच्छरदानी मंगाने के बहाने दीपक को महासमुंद के नयापारा स्थित अपने मायके बुलाया। दीपक जब वहां पहुंचा, तो ससुर, दो सालों और साली ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उसकी जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक हुई मारपीट में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल दीपक को उपचार के लिए पहले आरएलसी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह बेहोशी की हालत में वेंटिलेटर पर था। देर रात 2 बजकर 50 मिनट पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की रात करीब 10 बजे दीपक के साथ रहने वाले उसके साथी सतीश यादव उर्फ मैगी ने उसकी मां सुनीता सिंह ठाकुर को फोन कर मारपीट की जानकारी दी। बताया गया है कि सुनीता उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित एक वृद्धाश्रम में रहती हैं। बेटे पर हमले की खबर मिलते ही वह महासमुंद पहुंचीं और बाद में रायपुर के अस्पताल गईं। वहां उन्होंने बेटे को गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर देखा। हालांकि, देर रात दीपक की मौत हो गई।

दीपक की मां की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक कार्रवाई में उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। अब युवक की मौत के बाद पुलिस आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दीपक का अंतिम संस्कार आज दोपहर बिलासपुर में किए जाने की खबर है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *