अंबिकापुर। दिवाली का त्योहार एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द दे गया। घर में खेल रहे महज दो साल के मासूम की पटाखे के धमाके से गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चे ने जमीन पर पड़ा लहसुन बम खाने की चीज समझकर मुंह में डाल लिया था। इसी दौरान बम फट गया और उसके मुंह में गंभीर चोटें आईं। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली के त्योहार के लिए परिवार घर में पटाखे खरीदकर लाया था। दिवाली के अगले दिन सुबह बच्चा घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर जमीन पर पड़े लहसुन बम पर पड़ी। मासूम ने अनजाने में उसे खाने की चीज समझकर मुंह में डाल लिया। जैसे ही पटाखा मुंह में गया, जोरदार धमाके के साथ फट गया।
पटाखा फटने से बच्चे के मसूड़ों में गंभीर चोटें आईं और मुंह से लगातार खून बहने लगा। अचानक हुए धमाके से घर में अफरा-तफरी मच गई। घबराए परिजन तत्काल बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। पहले उसे सीतापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। उपचार के दौरान उसे ब्लड चढ़ाया गया और मशीनों की मदद से इलाज जारी रखा गया। इसके बावजूद मासूम की हालत में सुधार नहीं हो सका। करीब दो से तीन दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना एक बार फिर घरों में रखे पटाखों को बच्चों की पहुंच से दूर और सुरक्षित रखने की जरूरत की ओर ध्यान दिलाती है।