रायपुर। ई-रिक्शा में सवारी बनकर झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रेलवे स्टेशन जा रहे एक यात्री को अपना निशाना बनाया था। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मदेश मानापुरे 13 नवंबर को ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NS 6418 में सवार होकर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान ऑक्सीजोन गार्डन के पास ई-रिक्शा चालक ने वाहन रोक दिया और अपने साथी के साथ मिलकर प्रार्थी की जेब में रखे 3 हजार रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
घटना के बाद प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने विकास बघेल उर्फ चिंगरी और विनोद राणा उर्फ डैनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।