Headlines

Balodabazar : धान खरीदी को लेकर जिला कंट्रोल रूम अलर्ट, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

बलौदाबाजार। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर से शुरू होने जा रही है। इसे लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय स्थित संपर्क केंद्र में संचालित जिला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम के फोन नंबर, शिकायत एवं सूचना पंजी तथा कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने कर्मचारियों को हमेशा सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि फोन के माध्यम से प्राप्त होने वाली सूचनाओं और शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लें तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वयं कंट्रोल रूम के नंबर पर फोन लगाकर उसकी सक्रियता और कार्यप्रणाली को परखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी के दौरान प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना और शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

धान खरीदी के पहले दिन के लिए 300 टोकन– धान खरीदी उत्सव अंतर्गत 15 नवम्बर से शुरु हो रहे समर्थन मूल्य मे धान खरीदी की पुरी तैयारी जिला प्रशासन द्वारा कर ली गई है। जिले मे इस वर्ष 181 उपार्जन केंद्र बनाए गए है जिससे धान खरीदी होगी। 15 नवम्बर 2026 को 102 उपार्जन केंद्र में धान खरीदी हेतु 300 टोकन जारी हुआ है जिससे 1044 मैट्रिक टन धान खरीदी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *