रायपुर। डिलीवरी बॉय को जानबूझकर बाइक से टक्कर मारकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले डिलीवरी बॉय की एक्टिवा को टक्कर मारकर उसे नीचे गिराया और फिर मारपीट कर नकदी व सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। मामले में रायपुर कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी हबीब खान स्वीगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 10 नवंबर 2026 को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना पार्सल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान दोपहर में डुमर तालाब के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह वाहन समेत सड़क पर गिर गया।
इसके बाद आरोपियों ने उससे पैसों की मांग की। विरोध करने पर एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया। फिर तीनों ने मिलकर हबीब खान के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे पर्स से 5 हजार रुपये नकद तथा हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने पीड़ित से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली और घटनास्थल सहित आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दुष्यंत साहू और शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। वहीं, वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।