रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की गई। CBI के मुताबिक, यह छापेमारी मुख्य आरोपी और प्लेटफॉर्म के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आए खुलासों के आधार पर की गई है। उसे ओमान से भारत प्रत्यर्पित किया गया था।
CBI की तलाशी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन लाइव सट्टेबाजी और जुआ पैनल संचालित होते मिले। जांच एजेंसी ने इन पैनलों को बंद करा दिया। मौके से डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और ऐसे दस्तावेज बरामद कर जब्त किए गए हैं, जिनसे कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं।
CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद रायपुर स्थित CBI मामलों के विशेष न्यायाधीश ने उसे 8 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। पूछताछ के दौरान प्लेटफॉर्म के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां सामने आईं। जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी उससे पूछताछ की गई।
जांच एजेंसी ने बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक मामले में छत्तीसगढ़ सरकार से स्थानांतरित होकर आने के बाद CBI ने दो एफआईआर दर्ज की थीं। अब तक की जांच में सामने आया है कि इस प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश से एक मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते थे और अन्य लोगों के नाम पर खोले गए या किराये पर लिए गए बैंक खातों में सट्टेबाजी की रकम जमा कराते थे। इसके बाद कथित तौर पर हवाला के जरिए मुनाफा विदेश भेजा जाता था।
पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
CBI अब इस मामले में अन्य आरोपियों, विदेश में मौजूद लोगों, नेटवर्क के संचालन में मदद करने वालों और संबंधित लोक सेवकों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
बैंक खाता, सिम या पहचान पत्र किराये पर देना भी अपराध
CBI ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी हैं। इस तरह की गतिविधियों के लिए किसी अन्य व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज देना अथवा किराये पर उपलब्ध कराना भी आपराधिक कृत्य है। ऐसा करने वाले खाताधारक या दस्तावेज धारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।