दुर्ग। पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने गुम मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अलग-अलग कंपनियों के 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। 14 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की उपस्थिति में सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ACCU और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों की तकनीकी जानकारी जुटाई और उनका पता लगाया।
अभियान के दौरान दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार से भी मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर संबंधित जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद मोबाइलों की पहचान और वास्तविक स्वामियों की पुष्टि कर उन्हें वापस किया गया।
दुर्ग पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में यह सातवां मौका है, जब गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं। CEIR पोर्टल के माध्यम से अब तक 1,400 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए जा चुके हैं।
मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने दुर्ग पुलिस और ACCU की टीम के प्रति आभार जताया। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम के साथ संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।