नोएडा। साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक 62 वर्षीय NRI वकील को अपना शिकार बनाकर करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने वकील को लगातार 21 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराए रखा। इस दौरान ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया और पहलगाम आतंकी हमले की जांच में उनका आधार कार्ड सामने आने का दावा किया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित वकील के पास 16 अक्टूबर को एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस से जुड़ा अधिकारी बताया। उसने वकील को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की जांच के दौरान उनका आधार कार्ड सामने आया है। इसके बाद गिरफ्तारी का डर दिखाते हुए बताया गया कि उनके नाम पर एक बैंक खाता खोला गया है, जिसके माध्यम से एक आतंकी को 53 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
जांच के नाम पर तुड़वाईं FD
ठगों ने कथित जांच और बैंक खातों के सत्यापन के नाम पर वकील को अपने झांसे में ले लिया। आरोपियों ने पहले उनकी दो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वा दीं। इसके बाद अमेरिका में जमा उनकी रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलवाया और डिजिटल वॉलेट में ट्रांसफर करा लिया।
इस पूरी प्रक्रिया को ठगों ने जांच और धन के सत्यापन की कार्रवाई बताकर अंजाम दिया। इस तरह आरोपियों ने कुल 3 करोड़ 80 लाख रुपये की रकम ठग ली।