बिलासपुर। जिले में नाबालिग बालिका का गर्भपात कराने और भ्रूण को साक्ष्य मिटाने की नीयत से नष्ट करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। आरोपी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला थाना तोरवा क्षेत्र का है। प्रकरण में बुधवारी, तोरवा निवासी गणेश सोनी (30 वर्ष) पर आरोप है कि उसने दिसंबर 2023 से शादी का झांसा देकर नाबालिग पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान बालिका गर्भवती हो गई। आरोप है कि इसके बाद गणेश सोनी ने अस्पताल में महिला डॉक्टर की सहायता से उसका गर्भपात कराया। मामले में गणेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना तोरवा पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह से पूछताछ की। जांच में गर्भपात कराने में उनकी संलिप्तता से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, महिला डॉक्टर को पता था कि पीड़िता नाबालिग है, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया।
पुलिस की जांच में यह भी आरोप सामने आया कि गर्भपात के बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा महिला डॉक्टर पर नाबालिग बालिका के साथ घटित अपराध की जानकारी पुलिस को नहीं देने का भी आरोप है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को गिरफ्तार किया। उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।