Headlines

रायपुर : कारी तालाब के पास चिट्टा बेचने की फिराक में था युवक, हेरोइन के साथ गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आजाद चौक थाना पुलिस ने एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कारी तालाब के पास मादक पदार्थ बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 8.16 ग्राम चिट्टा, 1800 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 2 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आजाद चौक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कारी तालाब के पास एक व्यक्ति अपने पास नशीला पदार्थ रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी साकोरे के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम अमित देवांगन उर्फ वासु बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.16 ग्राम चिट्टा, 1800 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जब्त किया है। आरोपी अमित देवांगन के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 302/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसे मादक पदार्थ कहां से मिला था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर कमिश्नरेट की कार्रवाई लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *