राजनांदगांव। पुलिस की तत्परता और सजगता से बाजार में गुम हुआ एक महिला का पर्स सुरक्षित वापस मिल गया। डोंगरगढ़ में डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्स को तलाश कर महिला कांति साहू को सौंप दिया। पर्स में रखे सोने के कान के आभूषण और उनके बिल भी सुरक्षित मिले। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर महिला ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर की शाम कांति साहू अपने पति के साथ डोंगरगढ़ बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान रास्ते में उनका पर्स कहीं गिरकर गुम हो गया। काफी तलाश के बाद भी पर्स नहीं मिलने पर उन्हें जानकारी मिली कि एक व्यक्ति पर्स उठाकर अपने साथ ले गया है।
इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला से घटना की जानकारी ली। सब्जी विक्रेता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम संबंधित व्यक्ति के घर पहुंची और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने रास्ते में पर्स मिलने की बात बताई।
पर्स की जांच करने पर उसमें रखे सोने के कान के आभूषण और उनके बिल सुरक्षित मिले। इसके बाद डायल-112 की टीम ने पर्स और उसमें रखी सामग्री महिला कांति साहू को सुरक्षित सुपुर्द कर दी।
खोया हुआ सामान वापस मिलने पर महिला ने पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।