Headlines

असिस्टेंट इंजीनियर के साथ मारपीट, बिजली बिल वसूली के दौरान बाप-बेटे ने डंडे से किया हमला, दोनों गिरफ्तार

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम महादेवडांड़ में बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने पहुंचे असिस्टेंट इंजीनियर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बताया गया है कि गांव में 1 लाख 67 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था। इसी की वसूली के दौरान विवाद हुआ था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को भूपेन्द्र राठौर, असिस्टेंट इंजीनियर बगीचा, अपने स्टाफ के साथ ग्राम महादेवडांड़ में बकाया बिजली बिल की राशि वसूलने पहुंचे थे। इसी दौरान पंखरासियुस तिर्की ने बकाया राशि को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की। इसी बीच उनका पुत्र सोमल तिर्की भी मौके पर पहुंच गया।

पुलिस के मुताबिक, सोमल तिर्की ने असिस्टेंट इंजीनियर को जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे और अन्य वस्तु से हमला कर दिया। इस मारपीट में भूपेन्द्र राठौर के सिर और कंधे में चोट आई। घटना के बाद पीड़ित ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 15 नवंबर 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सोमल तिर्की (31 वर्ष), पिता पंखरासियुस तिर्की।
  2. पंखरासियुस तिर्की (73 वर्ष), पिता स्व. सिरिल तिर्की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *