रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक प्राथमिक शाला के शिक्षक पर छह साल चार माह की मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची की दादी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को बच्ची की दादी ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि जब उसने अपनी नातिन को स्कूल जाने के लिए कहा तो बच्ची ने स्कूल जाने से मना कर दिया। कारण पूछने पर मासूम ने 12 नवंबर की घटना के बारे में बताया।
बच्ची के अनुसार, दोपहर के समय स्कूल के शिक्षक अजय कुमार भट्ट उसे और कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में ले गए थे। आरोप है कि वहां शिक्षक ने कुर्सी पर बैठकर अपना निजी अंग दिखाया। बच्ची की बात सुनकर दादी ने गांव के प्रमुख लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना घरघोड़ा भेजा। इसके बाद पुलिस ने महिला के लिखित आवेदन पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धाराओं 8 एवं 12 के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट को हिरासत में लेकर पूछताछ और विवेचना की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।