दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सशस्त्र लूट के एक मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी दिल्ली के महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में बिरयानी विक्रेता के साथ हुई लूट की वारदात में वांछित था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।
जानकारी के अनुसार, आजादपुर फल मंडी के पास बदमाशों ने बिरयानी विक्रेता के साथ लूटपाट की कोशिश की थी। पीड़ित ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया और वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में आरोपी करीब दो साल से फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली क्राइम ब्रांच की NR-II टीम ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप स्वामी के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। करीब दो साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को क्राइम ब्रांच की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।