रायपुर। माना स्थित जैनम मानस भवन में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बहनों के समर्पण से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और जनसेवा का संकल्प घर-घर तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का संकल्प है कि देश की हर बहन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलें और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में महिलाओं की निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित हो।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस संकल्प को धरातल पर उतारने में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बहनें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनका नेतृत्व और सक्रिय भागीदारी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई गति प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने महिला मोर्चा की सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन करते हुए उनके समर्पण, मेहनत और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
