राजनांदगांव। मानवता और इंसानियत की एक सराहनीय मिसाल राजनांदगांव में देखने को मिली है। हरियाणा से भटककर छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव पहुंचे मानसिक रूप से अस्वस्थ 38 वर्षीय व्यक्ति को सिटी कोतवाली पुलिस और एक स्थानीय युवक की मदद से सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। करीब डेढ़ साल पहले घर से निकले इस व्यक्ति को वापस पाकर परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को बल्देवबाग निवासी सोहेल खान पिता जमीलुद्दीन खान ने सिटी कोतवाली पहुंचकर सूचना दी कि एक व्यक्ति पिछले तीन दिनों से पार्रीनाला दरगाह के पास भटक रहा है। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम त्रिलोक बनवाला पिता सतवीर सिंह जाट, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सिंगवाल, थाना एवं तहसील नरवाना, जिला जींद (हरियाणा) बताया।
सोहेल खान ने मानवता का परिचय देते हुए पहले व्यक्ति को भोजन और नाश्ता कराया। इसके बाद इंटरनेट मैप की मदद से उसके गांव की जानकारी जुटाई और वहां के एक कपड़ा व्यवसायी से संपर्क किया। भटके हुए व्यक्ति की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई। तस्वीर देखकर हरियाणा निवासी वीरेंद्र सिंह जाट ने उसकी पहचान अपने बड़े भाई त्रिलोक बनवाला के रूप में की।
इसके बाद फोन के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर त्रिलोक का छोटा भाई वीरेंद्र सिंह जाट हरियाणा से राजनांदगांव पहुंचा। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ है और करीब डेढ़ साल पहले घर से बिना बताए निकल गया था। इससे पहले भी वह घर छोड़कर चला गया था और लगभग छह महीने बाद वापस लौटा था।
सिटी कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद त्रिलोक बनवाला जाट को उसके छोटे भाई वीरेंद्र सिंह जाट के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरे मामले में बल्देवबाग निवासी सोहेल खान का मानवीय प्रयास विशेष रूप से सराहनीय है। पुलिस के अनुसार, सोहेल खान अब तक ऐसे 11 से 12 भटके हुए लोगों की मदद कर उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कर चुके हैं और उन्हें सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने में भूमिका निभा चुके हैं।