राजनांदगांव। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान लालबाग पुलिस ने वाहनों के पार्ट्स और कल-पुर्जों से भरे एक ट्रक को रोककर कार्रवाई की है। ट्रक में कार, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, थ्रेशर और कूलर के पार्ट्स लोड थे। चालक सामान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चालक के खिलाफ धारा 106 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक क्रमांक CG 08 BJ 8095 में वाहनों के पार्ट्स और कल-पुर्जे लोड कर चिखली से तुमड़ीबोड़ की ओर ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर लालबाग पुलिस ने इंदामारा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली।
जांच के दौरान ट्रक में कार, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, थ्रेशर और कूलर के सामानों के पार्ट्स भरे मिले। पुलिस ने चालक से सामान के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने लिखित में भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने ट्रक चालक भागवत धुर्वे (31 वर्ष), पिता मंगलू सिंह धुर्वे, निवासी ग्राम खड़ौदा खुर्द, पुलिस चौकी बेजलपुर, जिला कबीरधाम के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं, सामान के वास्तविक वाहन मालिक की पतासाजी कर मामले में आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।